1. हिन्दी समाचार
  2. कर्नाटक
  3. बेंगलुरू में गरजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप

बेंगलुरू में गरजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के पास अपने नेताओं की कमी है। उसका दिवालियापन इस बात से साबित होता है कि चुनाव लड़ने के लिए वह भाजपा छोड़कर आए नेताओं पर आश्रित है

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

बेंगलुरुः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के कर्नाटक दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को उन्होंने बागलकोट में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने मुस्लिम आरक्षण, भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने, PFI बैन और JD(S)-कांग्रेस को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अपने नेताओं की कमी है। उसका दिवालियापन इस बात से साबित होता है कि चुनाव लड़ने के लिए वह भाजपा छोड़कर आए नेताओं पर आश्रित है। बता दें कि 15 अप्रैल को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के बड़े नेता जगदीश शेट्‌टार ने पार्टी छोड़ दी थी। एक दिन के बाद उन्होंने कांग्रेस जॉइन कर ली। वे भाजपा की तरफ से चुनाव का टिकट न मिलने से नाराज थे। अमित शाह ने कहा कि हमारे एक दो नेताओं ने पार्टी छोड़ी और उनकी पार्टी में क्या शामिल हुए, उन्हें लगने लगा कि बहुत फायदा हो गया। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि आपको कोई फायदा नहीं होने वाला। आपने तो हमेशा ही लिंगायत समुदाय का अपमान ही किया है। इतने लंबे शासनकाल में सिर्फ दो ही लिंगायत मुख्यमंत्री दिए और दोनों को ही अपमानित करके पार्टी से निकाल दिया। अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने जब येदियुरप्पा जी को मुख्यमंत्री बनाया, तब जेडी(एस) का उपयोग करके कांग्रेस ने ही उन्हें पद से हटने पर मजबूर किया था और आज वह हमारे ही पुराने नेताओं का इस्तेमाल करके चुनाव जीतना चाहती है।


अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई तो मुस्लिम रिजर्वेशन फिर से आएगा। मैं पूछना चाहता हूं कि आप मुस्लिमों का 4% आरक्षण वापस लाओगे तो किसका कम करोगे? वोक्कालिगा का कम करोगे या लिंगायतों का कम करोगे, दलितों, एससी/एसटी या OBC का कम करोगे? अगर कांग्रेस गलती से भी आ गई तो ऑल टाइम हाई करप्शन होगा, तुष्टिकरण होगा और पूरा कर्नाटक दंगों से ग्रस्त होगा। शाह ने कहा कि यह चुनाव कर्नाटक को एक संपूर्ण विकसित राज्य बनाने का चुनाव है। यह चुनाव कर्नाटक का भविष्य मोदी जी के हाथ में देने का चुनाव है। ये चुनाव राजनीतिक स्थिरता और नए कर्नाटक का चुनाव है, जो भाजपा लेकर आ सकती है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...