जावरा नगर पालिका प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12, 13 और 14 तारीख को तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया।
शिविर के पहले ही दिन दोपहर 1 बजे तक लगभग 200 हितग्राहियों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मंडी विभाग द्वारा दो व्यापारियों को नए लाइसेंस जारी किए गए, जबकि राजस्व विभाग ने किसानों को खसरा, नामांतरण और पावती से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 100 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श दिया गया। इससे स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिली।

शिविर का शुभारंभ विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष आनंद कड़पा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा व्यंजन मेले का आयोजन किया गया, जिसमें उनके द्वारा तैयार टिफिन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।