रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने संन्यास तोड़कर कुछ शर्तों के साथ पाकिस्तानी टीम से खेलने की इच्छा जाहिर की है। मोहम्मद आमिर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की गेंदबाजी आक्रमण के एक ऐसे सितारे हैं, जो विकेट के दोनो तरफ गेंद को स्विंग कराने में माहिर हैं। 28 साल के आमिर ने उस वक्त संन्यास की घोषणा कर दी थी, जब न्यूजीलैंड दौरे के लिए उनको नहीं चुना गया था।
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संन्य़ास की घोषणा कर दी थी। अब उन्होने कहा है कि मुख्य कोच मिस्बाह उल हक के नेतृत्व वाले सपोर्ट स्टाफ के हटने के बाद मैं फिर से पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने इसके बाद मिस्बाह और गेंदबाजी कोच वकार युनूस पर उनकी छवि को खराब करने का आरोप लगाया। आमिर ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा, कि मैं पाकिस्तान के प्रतिनिधित्व के लिए तभी उपलब्ध रहूंगा जब यह प्रबंधन हट जायेगा। इसके बाद उन्होने लिखा कि कृपया अपनी कहानी बेंचने के लिए फर्जी खबरें फैलाना बंद करें।
हाल ही में आमिर ने पाकिस्तान की ड्रेसिंग रुम के बारे में चर्चा करते हुए आरोप लगाया था, कि खिलाड़ियों को खुद के लिए समय और स्वतंत्रता दें। ड्रेसिंग रूम में इस डरावने माहौल को खत्म करें, यही खिलाड़ी आपके लिए मैच जीतेंगें।
आमिर के क्रिकेट कैरियर की बात करें तो साल 2019 में आमिर ने एक दिवसीय और टी-20 मैचों में ध्यान देने के लिए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आमिर के टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन की बात करें तो आमिर ने 36 टेस्ट मैचों में 119 विकेट अपने नाम किया है। जबकि साल 2010 से 2015 तक स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में 5 साल के लिए प्रतिबंधित भी रहे हैं।