भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। पहले टेस्ट में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। एडिलेड में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरे ही दिन मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
भारतीय टीम के लिए आगे की राह इतनी आसान नहीं रहने वाली क्यूंकि भारत के दो बड़े खिलाड़ी पूरी टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। मोहम्मद शमी और विराट कोहली।

मोहम्मद शमी पहले टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के दौरान दाहिने हाथ में गेंद लगने से चोटिल हो गए थे बाद में पता चला की उन्हें फ्रैक्चर हुआ है, जिसके चलते उन्हें बाकी बचे मैचों से बाहर कर दिया गया। वहीं कप्तान विराट कोहली पिता बनने वाले हैं जिसके कारण वह बाकी मैच नहीं खेलेंगे और भारत वापस लौट जाएंगे।
मोहम्मद शमी के टीम से बाहर होने के चलते अब भारतीय टीम को एक प्रमुख गेंदबाजी की जरूरत है तभी भारत टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकता है। टीम में मोहम्मद सिराज का आना लगभग तय माना जा रहा है। भारत की टेस्ट टीम में सिराज को भी शामिल किया गया था। मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी से प्रैक्टिस मैच में काफी प्रभावित किया था। अगर सिराज को मौका मिलता है तो यह सिराज का टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू होगा।