ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाजों में शुमार और क्रिकेट जगत के ‘मिस्टर क्रिकेट’ कहे जान वाले माइकल हसी ने भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी का कारण बताया है। उन्होंने कहा भारतीय बल्लेबाजों में फुटवर्क को लेकर काफी दिक्कतें हैं।
हसी ने कहा – ” भारतीय बल्लेबाज आमतौर पर अपना अगला पैर ज्यादा आगे नहीं निकालते हैं, जो कई बार आपको ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर करना होता है। उनका पैर आधा आगे निकला हुआ होता है। विराट कोहली शायद एक अपवाद हैं। वह ऐसे बल्लेबाज हैं जो अपने फुटवर्क को लेकर काफी आत्मविश्वासी हैं। ”
आगे बोले – ” जब गेंदबाज गेंद को फुल लेंथ पर डालते हैं, तब भारतीय बल्लेबाजों की तरफ से ज्यादा फुटवर्क नहीं होता है। इसी कारण बल्ले का किनारा लगने की संभावना ज्यादा होती है और पहले टेस्ट में एडिलेड में यही हुआ है। ”
ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया थाl
ऑस्ट्रेलियाई पिचों को लेकर उन्होंने कहा – ” ऑस्ट्रेलिया में, जब पिचें नई होती हैं, तो आपकी 15-20 गेंदें सबसे ज्यादा मुश्किल होती हैं। एक बार जब आप उससे पार पा लेते हैं तो आपको लगता है कि आप रन बना सकते हैं, लेकिन उन 15-20 गेंदों को खेलना काफी मुश्किल हो सकता है। अगर आपका फुटवर्क सही नहीं है तो आप जल्दी पवेलियन लौट सकते हैं। ”
आपको बता दें कि एडिलेड में खेले गए पहले डे-नाईट टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी में 244 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 191 रन ही बना सकी थी। पहली पारी में 53 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद भी दूसरी पारी में टीम इंडिया सिर्फ 36 रन पर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया को तीसरे दिन जीत के लिए 90 रनों का आसान सा लक्ष्य मिला, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया था और आठ विकेट से मैच अपने नाम कर लिया था।