उज्जैनः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा के पार्श्वनाथ सिटी स्थित घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और छात्र की बॉडी लाने सहित अंतिम संस्कार पर होने वाला पूरा खर्च उठाने का वादा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भारत सरकार के माध्यम से कनाडा सरकार के संपर्क में हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व. गुरकीरत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ये हमारे राज्य और खासकर हमारे शहर का ही परिवार है। इसलिए यहां से कनाडा जाने, अंतिम संस्कार सहित जैसा भी तय होगा, सरकार मदद करेगी।
गुरकीरत सिंह की 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में गाड़ी चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। घटना से पहले 10-12 युवकों ने छात्र की पिटाई की थी। जिसमें छात्र को गंभीर चोटें आई थीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। छात्र कनाडा के नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहा था। परिवार को इस घटना की जानकारी गुरकीरत के दोस्त रायपुर निवासी प्रबकीरत सिंह ने दी थी।
परिजनों के अनुसार कनाडा सरकार ने छात्र की बॉडी देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपए) जमा कराने को कह दिया है। इतना ही नहीं, जांच प्रक्रिया के चलते अस्पताल से 15 दिन बाद बॉडी दी जाएगी और बॉडी को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपए अतिरिक्त खर्च आएगा। गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह ने केंद्र-राज्य सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी।