जबलपुर के पनागर में बीती देर रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। पूरा मामला पनागर के सुभाष वार्ड का है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तुरंत 100 नंबर पर कॉल किया तथा नगर पालिका अध्यक्ष को भी मामले की जानकारी दी।
सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर तो पहुँची, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीम के पास आग बुझाने के लिए पानी का पाइप ही उपलब्ध नहीं था। इस लापरवाही के चलते दमकल कर्मी तत्काल कार्रवाई नहीं कर सके। आखिरकार मोहल्ले के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और बड़े नुकसान को टाल दिया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि अगर समय पर उचित संसाधनों के साथ कार्रवाई होती तो स्थिति और बेहतर तरीके से संभाली जा सकती थी।
इस पूरे मामले को लेकर युवा कांग्रेस नेता आकाश प्रजापति ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में इस प्रकार की कमी बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में जनता को परेशान न होना पड़े। बताया जा रहा है कि पीड़ित पवन बर्मन अपने घर में ताला लगाकर परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। वहीं आग किन कारणों से लगी इसकी जांच की जा रही है।