मध्य प्रदेश के पन्ना स्थित श्री श्री 1008 श्री जुगल किशोर सरकार धाम में बुधवार को 15 दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ, श्रीभक्तमाल कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में भाग लिया।
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, शंखनाद, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
धार्मिक आयोजन में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त (वी.डी.) शर्मा, पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक महोत्सव 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा, श्रीभक्तमाल कथा, रासलीला, संत प्रवचन, भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।