भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए हाल ही में बीसीसीआई ने आईपीएल सीजन-13 को अनिश्चित समय के लिए रद्द कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ बाकी सीरीज पर भी इसका खतरा मंडरा रहा है। कोरोना के चलते इस साल टीम इंडिया को मैदान पर कम समय बीताने को मिलेगा, लेकिन इसके बाद साल 2021 में भारतीय टीम बहुत ही व्यस्त होने वाली है।
बता दे, भारतीय टीम को साल 2021 में लगभग 15 टेस्ट मैच खेलने पड़ सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से भारतीय टीम का वर्ष 2020 का कार्यक्रम बहुत व्यस्त नहीं था, जिसमें उसे केवल पांच टेस्ट मैच खेलने थे, जिसमें से दो टेस्ट न्यूजीलैंड के खिलाफ वह पहले ही खेल चुका है। तो वहीं दूसरी तरफ उसे नवंबर-दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे में चार टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसका आखिरी टेस्ट अगले साल जनवरी के पहले सप्ताह में खेला जाना है, लेकिन कोरोना वायरस के चलते इस श्रृंखला को लेकर भी आशंका जताई जा रही है।
आईसीसी ने जो भविष्य के लिए दौरे का कार्यक्रम बनाया है उसके अनुसार, टीम इंडिया को तीन वनडे और तीन ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के लिए जुलाई में श्रीलंका दौरे पर जाना है जबकि अगस्त में उसे जिम्बाब्वे से उसकी सरजमीं पर तीन वन-डे खेलने हैं। इसके बाद सितंबर में एशिया कप का आयोजन होना है जो कि वनडे टूर्नामेंट हैं।