1. हिन्दी समाचार
  2. केंद्र सरकार
  3. दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, ‘भारत की विरासत का दुनिया को मिला तोहफा’

दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, ‘भारत की विरासत का दुनिया को मिला तोहफा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग सत्र का नेतृत्व करने जा रहे हैं। वहीं राजधानी दिल्‍ली समेत पूरे देश में तमाम जगहों पर योग दिवस का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय ने साल 2023 में योग दिवस की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सिद्धांत पर रखी गई है। देश के तमाम हिस्‍सों से योग दिवस को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्लीः 27 सितंबर 2014 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त महासभा में दुनिया के सभी देशों से योग दिवस को मनाने का आह्वान किया था। उनके इस प्रस्‍ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्‍वीकार किया और तीन माह के अंदर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की घोषणा कर दी गई। इसके बाद पहली बार 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग सत्र का नेतृत्व करने जा रहे हैं। वहीं राजधानी दिल्‍ली समेत पूरे देश में तमाम जगहों पर योग दिवस का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय ने साल 2023 में योग दिवस की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सिद्धांत पर रखी गई है। देश के तमाम हिस्‍सों से योग दिवस को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। जगह-जगह एक से बढ़कर एक तस्‍वीरें सामने आ रही हैं। इधर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने योग किया। इस दौरान उन्होंने योग का महत्‍व बताते हुए कहा कि योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है और दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए भारत का महान उपहार है। योग तन और मन को एक साथ लाने का काम करता है। इस मौके पर उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आग्रह किया। वहीं अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर G20 प्रतिनिधियों ने भी योग दिवस के उपलक्ष में गोवा के राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया।

(गोवा के राजभवन में योगा करते G-20 के प्रतिनिधि)

उधर अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरा गुजरात योगमय हो गया। जहां सूरत में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ 1 लाख से ज्‍यादा लोगों ने योग किया। दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने योग किया। दुनिया में कहीं भी योग होता है तो उनके मन में हिंदुस्तान का नाम आता है क्योंकि यह हमारी विरासत है। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के यशवंत स्टेडियम, धंतोली में योग किया। योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग की भावना से आज योग दिवस मना रहे हैं। नोएडा में केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीयों को गौरवांवित करने वाला है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र में योग के माध्यम से भारत की विरासत का नेतृत्व कर रहे हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली के राजीव गांधी भवन में योगाभ्‍यास किया। मध्‍यप्रदेश के इंदौर की सेंट्रल जेल में कैदियों और जेल कर्मियों ने योग किया। इस मौके पर करीब 2450 कैदियों ने योग का अभ्‍यास किया है। छत्‍तीसगढ़ के रायपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लोगों ने योग के कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्‍सा लिया। देवभूमि उत्तराखंड में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सीएम धामी और बाबा रामदेव ने एक मंच पर योग किया। हरिद्वार में आयोजित शिविर में योग दिवस पर सर्वपंथ एकता के साथ सबके लिए योग का संदेश दिया। वहीं ज्यादतर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने योगाभ्यास कर लोगों को प्रेरित किया। इसी तरह से भारत की विरासत को दुनिया भर के लोगों ने अंगीकृत किया है। जो हमारे लिए गौरव की बात है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...