नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर तमिलनाडु ने कर्नाटक को 4 विकेट से हराकर खिताब अपने नाहम कर लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार को यह फाइनल मुकाबला खेला गया। कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 151 रन बनाए और तमिलनाडु ने अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल किया। तमिलनाडु की टीम ने लगातार दूसरी बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अपने नाम की है। तमिलनाडु की जीत के हीरो शाहरुख खान रहे जिन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ टीम तो चैंपियन बनाया। आखिरी गेंद पर तमिलनाडु को पांच रनों की दरकार थी और शाहरुख खान ने प्रतीक जैन की गेंद पर छक्का जड़ दिया।

शाहरुख खान ने छठे नंबर पर उतरकर 15 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। अपनी इस ताबड़तोड़ पारी में शाहरुख ने 3 छक्के और एक चौका लगाया। इतने दबाव भरे लम्हों में शाहरुख खान ने जिस तरह की हिटिंग की वो सच में काबिलेतारीफ है। शाहरुख के साथ आर साईं किशोर ने भी तमिलनाडु की जीत में अहम योगदान दिया। इस खिलाड़ी ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर शानदार चौका जड़ा और साथ ही उन्होंने महज 12 रन देकर 3 विकेट भी चटकाए।