नई दिल्ली : वेस्टइंडीज कप्तान स्टेफनी टेलर के नाबाद 102 रन की बदौलत वेस्टइंडीज महिला टीम ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में वाइटवाश किया। उसके स्टेफनी टेलर ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वे महिला वन डे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी क्रिकेटर बन गई हैं। इसके साथ ही वे महिला वनडे क्रिकेट में 5000 रनों का आंकड़ा पार करने वाली भी तीसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। स्टेफनी अब एकदिवसीय मैचों में 5000 से अधिक रन और 100 से अधिक विकेट लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बनी हैं।
स्टेफनी ने शानदार शतक लगाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। स्टेफनी ने 87.18 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 117 गेंदों में 102 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 12 चौके जमाए। स्टेफनी वनडे मैचों में 5000 प्लस रन और 100 प्लस विकेट लेने वाली वनडे क्रिकेट में पहली महिला खिलाड़ी हैं।
भारत की मिताली राज शीर्ष पर:
स्टेफनी टेलर से पूर्व इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स और भारत की मिताली राज एकदिवसीय मैचों में 5000 रनों के आंकड़े को पार कर चुकी हैं। मिताली वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उनके नाम महिला वनडे में 7391 रन दर्ज हैं। दूसरे नंबर पर काबिज एडवर्ड्स के नाम 5992 रन दर्ज हैं।
स्टेफनी ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में यह कारनामा अंजाम दिया। इस मैच में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली। टेलर ने सादिया इकबाल की गेंद पर सिंगल लिया और पारी का 42वां रन बनाने के साथ ही 5000 रन बनाने का आंकड़ा छू लिया। विंडीज कप्तान ने अपने करियर की 129वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की। टेलर का यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली सबसे तेज महिला क्रिकेटर हैं। मिताली राज को इस मुकाम तक पहुंचने 144 पारियां लगी थीं। वहीं इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्डस ने 156वीं पारी में 5000 रनों का आंकड़ा छुआ था।