दिल्ली : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुखार और वायरल संक्रमण के चलते सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को तबीयत बिगड़ने और बुखार आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी हेल्थ अपडेट में डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी के पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट में संक्रमण की जांच की जा रही है। उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
अस्पताल के अनुसार, डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में सोनिया गांधी का इलाज जारी है। उन्हें एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं, जिनसे उनकी तबीयत में सुधार होने की बात सामने आई है। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें आराम करने की सलाह दी है और कहा है कि स्थिति पर समय-समय पर अपडेट दिया जाएगा।
इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी मां से मिलने सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से सोनिया गांधी की स्वास्थ्य स्थिति और इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। कई नेताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।