ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने लगातार दूसरे वनडे मैच में भारत के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी खेली है। पहले वनडे मैच में 66 गेंद पर 105 रनों की पारी खेलने वाले स्मिथ ने दूसरे वनडे में भी शतक लगाया है। स्मिथ ने आज भारत के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल करियर का 11वां शतक जड़ते हुए 64 गेंदों पर 104 रन बनाये। इसके साथ ही स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ एक खास रिकॉर्ड बना दिया।
दरअसल, स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ लगातार 5वीं पारी में 50 या उससे ज्यादा स्कोर किया है। स्मिथ ने भारत के खिलाफ पिछले पांच पारियों में 69 (70 गेंद), 98 (102 गेंद), 131(132 गेंद), 105(66 गेंद) और 104(64) रन बनाए हैं। ऐसा करने वाले स्मिथ न्यूजीलैंड के केन विलियमसन के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ सिर्फ 20 वनडे मैच खेले हैं। इनमें 17 पारियों में वह 1100 से ज्यादा रन बना चुके हैं। स्मिथ ने भारत के खिलाफ अब तक पांच शतक और पांच अर्धशतक जड़ चुके हैं। स्मिथ का सर्वोच्च स्कोर भारत के खिलाफ 149 है जो उन्होंने साल 2016 में पर्थ में बनाया था।