IPL 2020 के 38वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाज़ी करने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब को 165 रनों का लक्ष्य दिया। दिल्ली के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन गजब की फॉर्म में 106 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। इसके साथ ही वह आईपीएल में लगातार दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद शतक लगाया था।
उन्होंने आइपीएल 2020 में लगातार दूसरा शतक जड़ा। इससे पहले के मुकाबले में भी उन्होंने नाबाद 101 रन की पारी खेली थी और अब इसके बाद ठीक दूसरे मुकाबले में ही उन्होंने शतकीय पारी खेल डाली। पंजाब के खिलाफ उन्होंने अपने आइपीएल करियर का साथ ही अपने इस सीजन का दूसरा शतक लगा दिया। इस शतकीय पारी के दम पर उन्होंने इस लीग में अपने 5000 रन भी पूरे कर लिए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ चौथे ओवर में 25 रनों के स्कोर पर सिर्फ सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीन नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर भी सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, अय्यर और शिखर धवन के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई।
धवन के अलावा ऋषभ पंत ने 14, मार्कस स्टोइनिस ने 09 और शिमरन हेटमायर ने नाबाद 10 रनों की पारी खेली। धीमी पिच पर जहां बाकी बल्लेबाज़ संघर्ष कर रहे थे। वहीं धवन मैदान के चारो तरफ अपने मन पसंद शॉट्स खेल रहे थे।