शाजापुरः मध्यप्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र के आगाज के साथ ही ‘स्कूल चले हम’ अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शुजालपुर स्थित माँ शारदा संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (CM RISE) में एक विशेष उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का प्रारंभ शिक्षा की देवी माँ सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंत्री इंदर सिंह परमार ने स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों का तिलक लगाया और उन पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने नन्हें बच्चों का हाथ थामकर उन्हें कक्षा तक पहुंचाया, जिससे छात्रों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। इस दौरान स्कूल में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया गया, ताकि विद्यार्थियों का नया सत्र ज्ञान और सफलता से परिपूर्ण हो।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। मंत्री परमार ने पिछले सत्र में उत्कर्ष अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “आज का विद्यार्थी कल के भारत का भविष्य है। सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है और सीएम राइज स्कूल इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।” मंत्री जी ने शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दें।
शाजपुर से संवाददाता दिलीप सौराष्ट्रीय की रिपोर्ट