रुतुराज गायकवाड की शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत चेन्नई ने पंजाब को हरा दिया और आईपीएल से बाहर का रास्ता दिखाया। गायकवाड ने 49 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 62 रनों की पारी खेली और मैच को आसानी से अपनी झोली में डाल लिया। इसी के साथ उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जो सीएसके की तरफ से खुद कप्तान एमएस धोनी, टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सुरेश रैना या अन्य धुरंधर बल्लेबाज नहीं बना पाए।
दरअसल, गायकवाड ने इस सीजन का लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया और इसके साथ ही वो चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आईपीएल में लगातार तीन मैचों में फिफ्टी जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ नाबाद 65 और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 72 रनों की आकर्षक पारी खेली थी। और तीनो मुकाबलों में चेन्नई को जीत मिली।
आपको बता दें की पंजाब ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दीपक हुडा की नाबाद 62 रनों की पारी की बदौलत चेन्नई के सामने 20 ओवर में छह विकेट पर 154 रन का लक्ष्य रखा। चेन्नई ने गायकवाड के नाबाद अर्धशतक से 18.5 ओवर में एक विकेट पर 154 रन बनाकर मैच जीत लिया।
इसी के साथ चेन्नई ने टूर्नामेंट का अंत छह जीत, आठ हार और 12 प्वॉइंट्स के साथ किया। वहीं पंजाब ने भी छह जीत, आठ हार और 12 पॉइंट्स के साथ आईपीएल से विदा ली।