चोट की वजह से रोहित शर्मा और ईशांत शर्मा के पहले दो टेस्ट में नहीं खेलने की आशंका है, लेकिन बीसीसीआई अब भी इन दोनों खिलाड़ियों के लिए टेस्ट सीरीज का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहा है।
रोहित और ईशांत फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी में आईपीएल के दौरान लगी चोटों से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम की रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों खिलाड़ियों को ठीक होने में अभी तीन से चार हफ्ते का वक्त लग सकता है।
ठीक होने के बाद ही इन खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया जाने की अनुमति मिलेगी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सख्त नियमों की वजह से रोहित और ईशांत को 14 दिन तक क्वारंटीन भी रहना होगा। क्वारंटाइन पीरियड के दौरान ईशांत और रोहित को प्रैक्टिस करने की छूट भी नहीं मिलेगी।
बीसीसीआई ऑस्ट्रेलियाई सरकार से इन दोनों खिलाड़ियों के लिए क्वारंटाइन नियम में नरमी दिखाने की अपील कर सकता है। अगर ऐसा होता है और ये दोनों ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेले जाने वाले प्रैक्टिस मैच का हिस्सा बन सकते हैं।