भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे बॉक्सिंग-डे टेस्ट का आज दूसरा दिन था। भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और दिन के स्टंप्स होने तक 82 रनों की बढ़त ले ली है। दूसरे दिन स्टंप्स तक भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 277 रन रहा।
भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी की और मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में अपना दूसरा शतक ठोक डाला। रहाणे ने 195 गेंदों में अपने करियर का 12वां शतक पूरा किया। अजिंक्य रहाणे 104 रन बनाकर और रवींद्र जडेजा 40 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं।
ऋषभ पंत ने अपने नाम एक अनोखा रिकॉर्ड कर लिया। ऋषभ पंत दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर लगातार आठ पारियों में 25 या 25 से ज्यादा रन बनाए हैं। आठ पारियों में पंत का स्कोर है – 25, 28, 36, 30, 39, 33, 159*, 29.
इससे पहले ये कारनामा वैली हैमंड, रुसी सुरती और विव रिचर्ड्स ने किया था जिन्होंने आठ लगातार सफल पारियों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 से ज्यादा रन बनाए थे।
पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए। पंत ने रहाणे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 87 गेंदों पर 57 रन जोड़े। भारतीय टीम 173 के स्कोर पर थी तब ऋषभ पंत के रूप में भारत का पांचवां विकेट गिरा। उनका विकेट मिशेल स्टार्क ने लिया। पंत ने 40 गेंदों में 29 रन बनाए।