रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर बल्लेबाज विकेटकीपर ऋषभ पंत ने क्रिकेट जगत में रिकॉर्ड की एक और दहलीज पर पहुंच गये है। मंगलवार को ब्रिसबेन के गाबा क्रिकेट मैदान पर खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मैच के दौरान चौथी पारी में बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपने एक हजार रन पुरे कर लिए। आपको बता दें कि पंत ने 58.3 ओवर में दो रन लेते हुए यह उपलब्धि हांसिल की। पंत के एक हजार रन पूरा होने पर उन्होंने पूर्व विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
ऋषभ पंत सबसे कम पारियों मतबल 27 पारियों में हजार रन बनाने वाले भारतीय विकेट कीपर बन गये हैं। पंत से पहले भारतीय टीम के लिए टेस्ट में हजार रन बनाने के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने 32,फारुख इंजीनियर 36 और ऋद्धिमान साहा 37 पारी खेले थे।
वहीं ओवरऑल की बात करें तो सबसे तेज टेस्ट में 1000 रन पूरा करने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के विकेट कीपर क्विंटन डी कॉक के नाम दर्ज है। डी कॉक ने यह उपलब्धि 21 पारियों में हांसिल की है। जबकि दूसरी ओर ऋषभ पंत की बात करें तो विदेशी सरजमीं पर पंत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। इससे पहले पंत इंग्लैंड की सरजमीं पर 2 व ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर एक शतक लगा चुके हैं।
इस सीरीज में भी वह महज तीन रन से शतक से चूके थे। सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में 118 गेंदों में ताबड़तोड़ 97 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। पंत अगर कुछ देर और क्रीज पर टिक जाते तो ड्रॉ पर छूटा तीसरा टेस्ट भारत आसानी से अपनी तरफ कर लिया होता।
पंत के पास बतौर भारतीय विकेटकीपर एक और शानदार रिकॉर्ड दर्ज है और इस मामले में भी वे धोनी से आगे हैं। पंत टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 50 शिकार करने वाले भारतीय विकेटकीपर हैं। उन्होंने यह कारनामा 11वें टेस्ट की 22वीं पारी में किया था।