1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सीवरेज कार्य के बाद बदहाल सड़कों से मिलेगी राहत, बड़वानी में सड़क निर्माण कार्य शुरू

सीवरेज कार्य के बाद बदहाल सड़कों से मिलेगी राहत, बड़वानी में सड़क निर्माण कार्य शुरू

बड़वानी में एमजी रोड से झंडा चौक तक 19 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है। सीवरेज परियोजना के कारण खराब हुई सड़कों को अब नया रूप दिया जाएगा।

By: BS Yadav 
Updated:
सीवरेज कार्य के बाद बदहाल सड़कों से मिलेगी राहत, बड़वानी में सड़क निर्माण कार्य शुरू

बड़वानी। शहर में लंबे समय से धूल, गड्ढों और खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका ने बुधवार से एमजी रोड से झंडा चौक तक सड़क डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। सीवरेज परियोजना के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कें अब नए स्वरूप में नजर आएंगी।

दरअसल, शहर में चल रहे सीवरेज कार्य के कारण अधिकांश सड़कें उखड़ गई थीं। जगह-जगह गड्ढे और धूल के गुबार से नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से एमजी रोड से झंडा चौक तक का क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित था, जहां सड़क की खराब स्थिति के कारण व्यापार पर भी असर पड़ रहा था।

ad

ad

स्थानीय व्यापारियों ने कई बार प्रशासन और नगर पालिका के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रखी थी। उनका कहना था कि सड़क बंद होने और खराब मार्ग की वजह से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सीवरेज कार्य पूर्ण होने के बाद नगर पालिका ने सड़क निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया। कार्य का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान, नगर पालिका इंजीनियरों, कर्मचारियों और स्थानीय व्यापारियों ने किया।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने बताया कि एमजी रोड से झंडा चौक तक सड़क निर्माण पर लगभग 19 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा जैन मंदिर चौराहा से पोस्टमार्टम हाउस तक कायाकल्प योजना के तहत करीब 20 लाख रुपये की लागत से 7 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर के अधिकांश वार्डों में सड़क निर्माण के प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन सीवरेज कार्य के चलते कई जगह निर्माण कार्य में देरी हो रही है। सीवरेज कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि नई सड़कों वाले क्षेत्रों में जल्द से जल्द पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा करें, ताकि उसके बाद सड़क निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जा सके।

नगर पालिका के अनुसार मारवाड़ी गली से पाल बाजार होते हुए न्यू मार्केट तक भी डामरीकरण कार्य प्रस्तावित है। वहीं कुछ क्षेत्रों में सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण की भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।

निक्कू चौहान ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है। जैसे-जैसे सीवरेज कार्य पूरा होगा, वैसे-वैसे विभिन्न वार्डों में नई सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा।

शहरवासियों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से चली आ रही धूल और गड्ढों की समस्या से राहत मिलेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...