1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. श्मशान घाट तक पहुंचना बना अग्निपरीक्षा, बदहाल व्यवस्था की भेंट चढ़ा अंतिम संस्कार

श्मशान घाट तक पहुंचना बना अग्निपरीक्षा, बदहाल व्यवस्था की भेंट चढ़ा अंतिम संस्कार

बुरहानपुर के साजनी गांव में बारिश के बाद श्मशान घाट तक पहुंचने का रास्ता बदहाल है। 2 से 3 फीट पानी और कीचड़ के बीच अंतिम यात्रा मुश्किल हो गई है। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की।

By: BS Yadav 
Updated:
श्मशान घाट तक पहुंचना बना अग्निपरीक्षा, बदहाल व्यवस्था की भेंट चढ़ा अंतिम संस्कार

बुरहानपुर। जिले के ग्राम साजनी में बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां श्मशान घाट तक पहुंचने वाला कच्चा रास्ता कीचड़ और गड्ढों से भरा है, जबकि डेम क्षेत्र में बने श्मशान घाट के आसपास बारिश का पानी जमा होने से अंतिम संस्कार तक पहुंचना चुनौती बन गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक श्मशान घाट के आसपास इन दिनों करीब दो से तीन फीट पानी भरा हुआ है। बारिश अधिक होने पर जलस्तर चार फीट या उससे ज्यादा पहुंचने की स्थिति बन जाती है। ऐसे में शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट तक ले जाने में परिजनों और ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है।

हालात की गंभीरता तब सामने आई जब अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी लेकर पहुंची पिकअप के चारों पहिए पानी में धंस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह लकड़ी को श्मशान घाट तक पहुंचाया। कीचड़, गड्ढों और जलभराव के कारण अंतिम यात्रा के दौरान दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीण विनोद कुमार, जितेंद्र, जवारकर, उमेश और संजू का कहना है कि यह समस्या हर बारिश के मौसम में सामने आती है। उनका आरोप है कि पंचायत के सरपंच और सचिव को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट तक पक्का और सुरक्षित मार्ग, जल निकासी की व्यवस्था और श्मशान घाट के लिए सुरक्षित स्थान विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि डेम क्षेत्र में बने मौजूदा श्मशान घाट के आसपास बारिश और डेम का पानी जमा होने से यहां अंतिम संस्कार करना जोखिम भरा हो जाता है।

अब ग्रामीण प्रशासन से तत्काल निरीक्षण और स्थायी समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। उनका कहना है कि किसी परिवार को अपने प्रियजन को अंतिम विदाई देते समय रास्ते की बदहाली और दुर्घटना के खतरे से नहीं जूझना चाहिए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...