बुद्धवार को हुए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने बैंगलोर को 5 विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत की है। इस जीत के हीरो थे सूर्यकुमार यादव जिन्होंने 43 गेंदों में 79 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। इस पारी के लिए उन्हें ‘ मैन ऑफ़ द मैच ‘ चुना गया। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के लगाए। उनकी इस पारी को देखकर टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री उनके कायल हो गए।
टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री सूर्यकुमार यादव से काफी प्रभावित हैं। बैंगलोर के खिलाफ 79 रनों की पारी खेलने वाले यादव की तारीफ करते हुए रवि शास्त्री ने इंस्टाग्राम पर उनके फोटो के साथ लिखा, ‘सूर्य नमस्कार, मजबूत रहिए और धैर्य रखिए सूर्यकुमार यादव। ‘
आपको बता दें कि सूर्यकुमार इस साल आईपीएल में काफी अच्छे रन बना रहे हैं। आईपीएल 2020 में अभी तक 12 मैचों में वह 155.36 के स्ट्राइक रेट से 362 रन बना चुके हैं। लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे यादव का ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर चुना जाना तय माना जा रहा था लेकिन उन्हें जगह नहीं मिली।
इससे पहले मुंबई के रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे कीरोन पोलार्ड ने कहा कि “इमेजिन करिए, दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कोई इस तरह के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी कर रहा है। दरअसल, सूर्यकुमार यादव अब तक भारतीय टीम की जर्सी (ब्लू जर्सी) नहीं मिलने की वजह से अंदर से काफी निराश है। वह लगातार अच्छा कर रहा है। लेकिन अगर आप लगातार अच्छा कर रहे हो तो आपको उसका फल ज़रूर मिलेगा। समय से पहले किसी को कुछ नहीं मिलता है। “