रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नये कोच की नियुक्ति कर दी है, गुरुवार को पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार ने WV रमन की जगह ली। रमेश पोवार इससे पहले भी इस जिम्मेदारी को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए निभा चुके हैं। साल 2018 में एक ऐसा दौर भी आया था, जब टी-20 विश्व कप के दौरान टीम की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज से विवाद होने पर उनको निलंबित कर दिया गया था। अब एक बार फिर पोवार इस जिम्मेदारी को निभायेंगे।

आपको बता दें कि पूर्व भारतीय खिलाड़ी मदन लाल की अगुआई वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने इस पद के लिए मौजूदा कोच डब्ल्यूवी रमन के अलावा 8 उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद पोवार के नाम की सिफारिश की। BCCI ने भी एक बयान में मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा कर दी। इस दौरान बीसीसीआई ने कहा कि, “BCCI रमेश पोवार को भारतीय महिला टीम के प्रमुख कोच के रूप में नियुक्त करने की घोषणा करता है।“ BCCI ने महिला टीम के मुख्य कोच के लिए विज्ञापन दिया था, जिसके बाद 35 से अधिक आवेदन प्राप्त किए थे।
टीम की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज ने BCCI को पत्र लिख कर पोवार पर आरोप लगाया था कि पोवार ने “मेरे करियर को खत्म करने और मुझे अपमानित करने के लिए ऐसा किया है।“ मिताली के इस आरोप पर पोवार ने भी पलटवार करते हुए कहा था, “मिताली काफी नखरे दिखाती है और टीम में विवाद पैदा करती है.।” जिसके बाद उनको पद से हटा दिया गया था।
महिला टीम की मुख्य कोच के पद से हटाये जाने के बाद पोवार ने खुद को एक कोच के रूप में साबित किया और इस साल की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी में बुरी तरह से विफल मुंबई की टीम को सैयद मुश्ताक अली टी 20 प्रतियोगिता का चैम्पियन बनने में अहम भूमिका निभाई थी।
पूर्व भारतीय रमन बल्लेबाज की देख-रेख में टीम पिछले साल टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी. इस साल मार्च में दक्षिण अफ्रीका की टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर वनडे और टी20 सीरीज गंवाना का उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा।
एक कोच के तौर पर पोवार के लिए सबसे बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए टीम को तैयार करने की होगी। इससे पहले उनकी देखरेख में टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी जहां उसे 16 जून से सात साल के बाद पहला टेस्ट मैच खेलना है। विश्व कप से पहले भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी करना है।