बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। मंगलवार को जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मुश्किल वक्त में साथ देने वालों का आभार जताया। रिहाई के तुरंत बाद राजपाल यादव अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए, जहां वे खुशी में झूमते नजर आए-जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
राजपाल यादव ने 5 फरवरी को चेक बाउंस केस में सरेंडर किया था। इस दौरान अभिनेता सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, म्यूजिक कंपोजर राव इंद्रजीत यादव और मीका सिंह सहित कई कलाकारों ने उनका समर्थन किया।
रिहाई के बाद अपने पैतृक गांव शाहजहांपुर में पीटीआई से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें लोगों से बहुत प्यार मिला। उन्होंने कहा, “रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की तरह जेलों के अंदर भी स्मोकिंग के लिए अलग जगह होनी चाहिए।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जेलें सुधार केंद्र की तरह काम करें, जहां लोगों को बदलने के अवसर मिलें। राजपाल ने कहा, “बाहर से यह तय करना मुश्किल होता है कि कौन बड़ा अपराधी है और किसने एक बार गलती की है।”

अभिनेता ने स्पष्ट किया कि कानूनी पहलुओं पर उनके वकील भास्कर उपाध्याय आधिकारिक रूप से जवाब देंगे। पारिवारिक शादी के चलते उन्होंने अगले दो दिनों तक मीडिया से दूरी रखने और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही। राजपाल यादव ने कहा, “मैं भारत में पैदा हुआ, मैंने कभी पासपोर्ट नहीं बदला, अपने गांव में वोटर बना रहा। मैं अपनी कमाई बढ़ाना चाहता हूं, करेंसी नहीं। मुझे सहानुभूति नहीं, समय चाहिए।” उन्होंने यह भी जोड़ा, “अगर मेरी तस्वीरों या वीडियो से किसी को फायदा होता है तो मुझे फर्क नहीं पड़ता-राजपाल यादव पर हंसो या राजपाल यादव की वजह से हंसो।”
यह मामला 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस से जुड़ा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को राजपाल यादव की सज़ा 18 मार्च तक सस्पेंड कर दी और उन्हें जेल से रिहा करने की अनुमति दी।
राजपाल यादव ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वक्त’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘पार्टनर’, ‘भूल भुलैया’, ‘हंगामा’ और ‘चुप चुप के’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले इस अभिनेता ने मुश्किल दौर के बाद साफ कहा- वो सहानुभूति नहीं, वक्त और काम के जरिए आगे बढ़ना चाहते हैं।