सुपर संडे के दूसरे मुकाबले में कोलकाता ने राजस्थान को हारकर प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है।
आईपीएल 2020 के 54वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 60 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कोलकाता की प्ले ऑफ में क्वालीफाई करने की संभावनाएं कायम हैं। कोलकाता ने पहले बल्लेबाज़ी करने के बाद 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए थे। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी।
कोलकाता ने इयोन मोर्गन की नाबाद 68 रनों की पारी के दम पर 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 191 रन बनाए थे। राजस्थान के लिए जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। राहुल तेवतिया ने 31 रन और श्रेयस गोपाल ने नाबाद 23 रन बनाए। मोर्गन ने 35 गेंदों पर पांच चौके और छह छक्के लगाए। राहुल त्रिपाठी ने 39 रन बनाए। शुभमन गिल ने 36 रन बनाए। आंद्रे रसेल ने 25 रन बनाए। राहुल तेवतिया ने तीन विकेट लिए।
केकेआर की तरफ से पैट कम्मिंस ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। शिवम मावी और वरुण चक्रवर्ती को 2-2 विकेट मिले। केकेआर को प्लेऑफ में जाने के लिए अब सनराइज़र्स हैदराबाद का हारना ज़रूरी है अगर हैदराबाद हारती है तो केकेआर प्लेऑफ में चौथे पायदान पर रहेगी। अभी केकेआर 14 मुकाबलों में 14 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है।