भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी के मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए खरीद व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान मूंग की खेती करते हैं, लेकिन सरकार की ओर से पर्याप्त मात्रा में खरीदी की स्वीकृति नहीं दी गई है। उन्होंने मांग की कि किसानों की मूंग की पूरी उपज खरीदी जाए, ताकि उन्हें बाजार में नुकसान न उठाना पड़े और उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को पत्र लिखेंगे और मूंग खरीदी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उमंग सिंघार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री मोहन यादव के बीच संबंधों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक खींचतान का असर प्रदेश के किसानों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार की किसान सम्मान निधि योजना को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को दी जा रही राशि उनकी जरूरतों के मुकाबले बहुत कम है।
मूंग खरीदी को लेकर विपक्ष के आरोपों के बाद अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गर्मा सकता है।