प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता को एक भावनात्मक और स्पष्ट संदेश देने वाला पत्र लिखा है। यह पत्र उन्होंने बंगाली और हिंदी- दोनों भाषाओं में लिखा, जिसमें ‘एबार बीजेपी सरकार’ का नारा देते हुए राज्य में बदलाव और विकास का आह्वान किया गया है। पीएम मोदी ने पत्र में ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री ने लिखा कि सोनार बांग्ला का सपना देखने वाला हर व्यक्ति आज दुखी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल को विकसित, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है, लेकिन वर्तमान हालात इस लक्ष्य से दूर दिखाई देते हैं। पीएम मोदी ने राज्य में अवैध घुसपैठ और बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता जताई।
पत्र में पीएम मोदी ने बंगाल की महिलाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि बंगाल की माताएं और बहनें आज सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। अवैध घुसपैठ और महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा के कारण राज्य की छवि धूमिल हुई है। प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया कि महिला सुरक्षा और सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।
पीएम मोदी ने अपने पत्र में कहा कि पिछले 11 वर्षों में देशवासियों के आशीर्वाद से उनकी सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों के कल्याण, युवाओं के सपनों को साकार करने और मातृशक्ति के सशक्तिकरण तक, हर वर्ग के लिए बनाई गई नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के असहयोग और विरोध के बावजूद आज पश्चिम बंगाल के करीब 5 करोड़ लोग जन-धन योजना के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं। यह आर्थिक समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे गरीब और वंचित वर्ग को सीधा लाभ मिला है।
पीएम मोदी ने लिखा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत पश्चिम बंगाल में 85 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जब सत्ताधारी पार्टी गरीबों के अधिकारों की अनदेखी कर रही थी, तब केंद्र सरकार ने छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को 2.8 लाख करोड़ रुपये का ऋण देकर सहायता प्रदान की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब परिवार को सम्मानजनक जीवन मिले। गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है, जो सरकार के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
पत्र के अंत में पीएम मोदी ने बंगाल की महिलाओं को संबोधित करते हुए लिखा कि वे स्वस्थ रहें, खुश रहें और निरंतर प्रगति करें। उन्होंने कहा कि मेहनती और साहसी महिलाएं ही भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी और बंगाल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगी।