गोरखपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के तहत ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गोरखपुर में इसका मुख्य आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
माय भारत केंद्र, गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने बताया कि यह कार्यक्रम देश के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल जगत को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवा सहभागिता को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि देशभर में इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
1600 से अधिक स्थानों पर जुड़ेंगे 8 लाख से ज्यादा युवा
कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के करीब 1600 अलग-अलग स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इस पहल के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में बैठे युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले वर्षों में खेल क्षेत्र में आए बदलावों, खिलाड़ियों को मिले नए अवसरों और खेलों के प्रति बढ़ती राष्ट्रीय चेतना को युवाओं तक पहुंचाना कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाओं को सुनकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।
स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों से होगा सीधा संवाद
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का फोकस स्थानीय युवा संवाद पर रहेगा। इसके तहत माय भारत स्वयंसेवकों, युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
माय भारत केंद्र, गोरखपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री का संबोधन सुनना ही नहीं, बल्कि युवाओं को खेल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
सीमा पांडेय ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को इन्हीं मूल्यों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट