लगातार दुनिया में बढ़ रहे कोरोना के असर से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बॉलीवुड से लेकर खेल तक कोरोना का साया मंडरा रहा है। लगातार खेल आयोजन को रद्द किया जा रहा है। बताते चले इस वायरस के संक्रमण की चपेट में आने से अब तक दुनियाभर में मरने वालों की संख्या 10,000 से पार हो गई है तो वही 2 लाख 44 हजार से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं।
बात अगर भारत की करे तो कोरोना वायरस की वजह से भारत में अभी तक चार की मौत, जबकि इसके संक्रमितों की संख्या 223 तक पहुंच गई है।
तो वहीं इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने कोरोना वायरस को लेकर एक ट्वीट किया है, जो काफी वायरल हो रहा है, क्योंकि उन्होंने यह ट्वीट हिंदी में किया है। इतना ही नहीं उन्होंने ट्वीट में अपने हिंदी टीचर का नाम भी लिखा है।
पीटरसन ने अपने ट्वीट में लिखा- नमस्ते इंडिया, हम सब कोरोना वायरस को हराने में एक साथ हैं। हम सब अपनी-अपनी सरकार की बात का निर्देश करें और घर में कुछ दिनों के लिए रहें। यह समय है होशियार रहने का। आप सभी को ढेर सारा प्यार। मेरे हिंदी टीचर श्रीवत्स गोस्वामी।’