भोपाल में 27 जून को अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम दिवस के अवसर पर ‘सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश समिट’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविन्द्र भवन में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।
इस समिट में उद्यमी, स्टार्टअप, वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि और महिला स्व-सहायता समूहों सहित दो हजार से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन, भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए जाएंगे, जिससे विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ लोगों तक पहुंच सके।
समिट के दौरान खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र एवं परिधान तथा अभियांत्रिकी क्षेत्रों के लिए बायर-सेलर मीट का आयोजन किया जाएगा। इससे उद्योगों के बीच आपसी सहयोग और व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में एमएसएमई प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें लगभग 50 स्टॉल शामिल होंगे। इसके अलावा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस क्लिनिक’ का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे उद्योग स्थापना और संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर एमएसएमई, स्टार्टअप और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी प्रदेश में उद्यमिता के बढ़ते दायरे को दर्शाएगी।
गौरतलब है कि यह अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के आयोजन का दसवां वर्ष है। इस आयोजन के माध्यम से छोटे और मध्यम उद्योगों के विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया जाएगा।