भोपाल। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर नरेला विधानसभा क्षेत्र में कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। अन्ना नगर स्थित संत रविदास मंदिर से मंत्री विश्वास सारंग ने यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं इसमें शामिल हुए।
कलश वंदन यात्रा की शुरुआत अन्ना नगर स्थित संत रविदास मंदिर से हुई। यात्रा नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से होकर निकाली जा रही है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने संत रविदास महाराज के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज में समानता, एकता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते हुए समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया।
मंत्री सारंग ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों और सामाजिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
कलश वंदन यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन के दौरान संत रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।