भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की सीरीज को न्यूजीलैंड ने 3 -0 से अपने नाम किया। सीरीज का आखिरी मुकाबला मंगलवार को माउंट माउंगानुई में खेला गया। टॉस हारकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 296 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 297 रनों का लक्ष्य दिया।
जिसको न्यूजीलैंड ने 47.1 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने भारत से टी-20 में मिली 5-0 से हार का भी बदला ले लिया।
बता दें भारत की तरफ से के.एल. राहुल ने शानदार पारी खेलते हुए 112 रन बनाए। के.एल राहुल का यह वनड़े इंटरनेशनल क्रिकेट में पांचवा शतक है। राहुल के अलावा श्रेयस अय्यर ने भी कमाल की पारी खेली। अय्यर ने 63 गेंदो में 9 चौके की मदद से 62 रनों की पारी खेली।
भारतीय सलामी जोड़ी ने एक बार फिर से टीम को निराश किया। मयंक अग्रवाल सिर्फ 1 रन बनाकर पवैलियन लौट गए। हालांकी पृथ्वी शॉ ने कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन अपनी पारी को बड़ा नही कर सके। पृथ्वी 40 रन बनाकर आउट हो गए।
पिछले दो मैचों की तरह कप्तान कोहली एक बार फिर जल्दी आउट हो गए। कोहली 9 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की तरफ से सलामी जोड़ी गप्टिल और निकोल्स ने मिलकर पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी की।
मार्टिन गप्टिल ने 46 गेंद में 66 रनों की पारी खेली तो हेनरी निकोल्स ने 103 गेंद में 80 रनों की पारी खेली।
बाद में आए कॉलिन डी ग्रांडहोम ने ताबड़-तोड़ 28 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए। भारत की तरफ से युजवेंद्र चहल ने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।