मुंबई ने चेन्नई को करो या मारो मुकाबले में 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ मुंबई टॉप पर पहुंच गई है और मुंबई का प्लेऑफ में क्वालीफाई करना तय है।
वहीं दूसरी तरफ अंकतालिका में चेन्नई सबसे नीचे कायम है। आपको बता दें कि चेन्नई ने अपने 3 रन पर 3 रन विकेट गंवा के शुरुआत ही बेहद नाजुक तरीके से की थी।
पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज़ रितुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना ही आउट हो गए। इसके बाद तीन रनों के स्कोर पर सिर्फ एक रन बनाकर अंबाती रायडू भी चलते बने। अगली ही गेंद पर नारायण जगदीसन भी खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। जसप्रीत बुमराह ने लगातार दो गेंदो में इन दोनों को आउट किया।
इतनी जल्दी 3 विकेट गिरने के बाद चेन्नई के बल्लेबाज़ एक के बाद एक करके आउट होते चले गए। अगले ही ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे फाफ डू प्लेसिस भी एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 21 रनों के स्कोर पर रविंद्र जडेजा भी पवेलियन लौट गए। जडेजा ने छह गेंदो में सात रन बनाए।
21 रनों पर आधी टीम आउट होने के बाद एमएस धोनी ने धीरे धीरे पारी आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन राहुल चहर की लेग स्पिन पर वह भी कैच आउट हो गए। धोनी ने 16 गेंदो में 16 रन बनाए।
इसके बाद सैम करन ने आराम से खेलते हुए चेन्नई के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। सैम ने 47 गेंदो में 52 रन बनाए। जिसकी बदौलत चेन्नई ने मुंबई को 115 रनों का आसान लक्ष्य दिया।
मुंबई इंडियंस के लिए ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और राहुल चहर को दो-दो विकेट मिले।
चेन्नई से मिले 115 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को इशान किशन और क्विंटन डिकॉक ने धमाकेदार अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए बिना कोई विकेट खोए आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

किशन ने 37 गेंदो में नाबाद 68 रन बनाए। जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। वहीं क्विंटन डिकॉक ने 37 गेंदो में नाबाद 46 रनों की पारी खेली। डिकॉक के बल्ले से पांच चौके और दो छक्के निकले।