आईपीएल के आखिरी लीग मैच में हैदराबाद ने मुंबई को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ हैदराबाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम है। इस जीत के साथ ही हैदराबाद ने केकेआर को भी टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस मैच को जीतने के साथ ही हैदराबाद के 14 अंक हो गए हैं और नेट रनरेट के आधार पर कोलकाता को पीछे छोड़ते हुए उसने प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाये। जवाब में 150 रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने बिना विकेट गवाएं लक्ष्य को 17.1 ओवर में हासिल कर लिया। हैदराबाद की जीत के हीरो डेविड वॉर्नर और रिद्धिमान साहा रहे। वॉर्नर ने नाबाद 58 गेंदों पर 85 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया। रिद्धिमान साहा ने नाबाद 45 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा।

मुंबई की पारी की बात करें तो चार मैचों के बाद इस मैच में वापसी करने उतरे कप्तान रोहित शर्मा मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और इशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव ने 36 और इशान किशन ने ३३ रनों की पारी खेली।
मुंबई ने 85 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ओपनिंग करने उतरे क्विंटन डिकॉक ने 13 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 25 रन बनाए। अंत के ओवरों में कीरोन पोलार्ड ने 25 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों के दम पर 41 रनों की तेज पारी खेलकर मुंबई को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
हैदराबाद के लिए संदीप शर्मा ने अपने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि जेसन होल्डर व शाहबाज नदीम ने दो-दो और राशिद खान ने एक विकेट हासिल किया।