दुबई में खेले गए आईपीएल 2020 के पहले क्वालीफ़ायर में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडिंयस ने दिल्ली कैपिटल्स पर 57 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर आईपीएल फाइनल में प्रवेश कर लिया है। चार बार आईपीएल चैंपियन रह चुकी मुंबई छठी बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई है।
मुंबई की टीम इससे पहले 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में भी फाइनल में पहुंची थी। दिल्ली का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। वह दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 8 नवंबर को मुकाबला करेगी।
टॉस हराकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत ख़ास नहीं रही। कप्तान रोहित पहली गेंद पर अश्विन के शिकार बने। मुंबई के नियमित अंतराल में विकेट गिरने के बावजूद क्विंटन डिकॉक ने 25 गेंदों पर 40, सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंदों पर 51 रन, ईशान किशन ने 30 गेंदों पर नाबाद 55 और डैथ ओवरों में धमाल मचाने वाले हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से नाबाद 37 बनाकर दिल्ली के सामने 201 रनों का टारगेट रखा।
जवाब में दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना पाई। मुंबई की तरफ से बोलिंग करने आए जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने दिल्ली की जड़ ही उखाड़ दी। पहले दो ओवर में दिल्ली का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर शुन्य था। दिल्ली की आधी टीम 41 रन पर पवेलियन में बैठी थी। मार्कस स्टोइनिस ने 46 गेंदों पर 65 और अक्षर पटेल ने 33 गेंदों पर 42 रन बनाकर छठे विकेट के लिए 71 रन जोड़कर हार का अंतर कम किया।
इसी जीत के साथ मुंबई अब 10 नवंबर को आईपीएल का फाइनल खेलेगी जबकि दिल्ली के पास फाइनल में जाने का एक और मौका है।