आईपीएल सीजन समाप्त करके चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज रांची पहुंच गए। धौनी रांची एयरपोर्ट से सीधे सीमलिया स्थित अपने घर रवाना हो गए। इसी साल 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी अभी रांची में ही आराम करेंगे। उन्होंने यह कहा है कि वह अगला आईपीएल भी खेलना चाहेंगे। वैसे अपने भविष्य के बारे में उन्होंने अभी कुछ नही बताया है।
चेन्नई ने इस साल आईपीएल में खेले कुल 14 मैचों में से छह में जीत दर्ज की जबकि आठ में टीम को हार का सामना करना पड़ा। टीम ने प्वॉइंट टेबल में आठ टीमों के बीच 12 प्वॉइंट्स के साथ सातवां स्थान हासिल किया। यह पहला मौका है जब सीएसके प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाया है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अच्छी बात यह रही है कि टीम ने अपने आखिरी तीनों मैचों में जीत हासिल की। टीम को आखिरी तीन मैच जिताने में युवा सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड की भी अहम भूमिका रही।