पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। मोहम्मद आमिर 28 साल के थे। इतनी कम उम्र में उन्होंने संन्यास के समय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।
मोहम्मद आमिर ने कहा है कि वे मौजूदा प्रबंधन के अंदर नहीं खेल सकते हैं और अनिश्चितकालीन ब्रेक ले रहे हैं। पाकिस्तानी चैनल समा के साथ एक वीडियो साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि वह कुछ दिनों बाद पाकिस्तान पहुंचेंगे और क्रिकेट छोड़ने के कारणों पर एक विस्तृत नोट जारी करेंगे।
आपको बता दें कि मोहम्मद आमिर पर साल 2010 में स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगा था जिसके बाद उनके खेलने पर पांच साल तक का प्रतिबंध लगा दिया गया था। बैन के बाद उन्होंने फिर वापसी की और अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों को आउट किया। 2017 में पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती जिसमें मोहम्मद आमिर ने अहम भूमिका निभाई थी।
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 50 टी-20 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने कुल 259 विकेट अपने नाम किए।