निवाड़ी। शहर के तिगेला क्षेत्र स्थित राधिका मोबाइल शॉप में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मोबाइल फोन सहित नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात की बताई जा रही है। दुकान संचालक धर्मेंद्र कुशवाहा रोज की तरह रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में करीब डेढ़ फीट का छेद कर अंदर प्रवेश किया था।
पीड़ित के मुताबिक, चोर दुकान से करीब 20 नए मोबाइल फोन लेकर गए हैं, जिनमें रियलमी और सैमसंग कंपनी के स्मार्टफोन शामिल हैं। इसके अलावा गल्ले में रखी नकदी भी चोरी होने की बात सामने आई है। दुकान संचालक का कहना है कि चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में करीब 90 हजार रुपये के नुकसान का उल्लेख किया गया है।

पीड़ित की शिकायत पर निवाड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष दीन दयाल कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोरी की घटना को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की।