मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मुकाबले में राजस्थान ने मुंबई को 8 विकेट से हरा दिया। इस मैच के हीरो बने बेन स्टोक्स जिन्होंने 60 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाकर मैच को 8 विकेट से जीत लिया। बेन स्टोक्स का साथ संजू सैमसन ने दिया जिन्होंने 31 गेंदो में 54 रनों की पारी खेली।
टॉस जीतकर मुंबई ने बल्लेबाज़ी का फैसला किया। मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और इशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की।
90 के स्कोर पर किशन 37 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके बाद 26 गेंदो में 40 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए। 15 ओवर में मुंबई का स्कोर सिर्फ 116 रन था। लेकिन अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या ने मैच का रुख ही पलट दिया।
हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 21 गेंदो में 60 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सात छक्के और दो चौके लगाए। पांड्या ने 285.71 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। जिसके दम पर मुंबई का स्कोर 195 पहुंचा और राजस्थान को 196 रनों का लक्ष्य मिला।
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 31 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा श्रेयस गोपाल ने भी चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट चटकाए। वहीं कार्तिक त्यागी को एक सफलता मिली।
196 रनों के जवाब में राजस्थान के दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज़ रॉबिन उथप्पा 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पांचवें ओवर में 44 के स्कोर पर कप्तान स्टीव स्मिथ भी 11 रन बनाकर आउट हो गए।
44 रनों पर दो विकेट गिर जाने के बाद बेन स्टोक्स और संजू सैमसन ने मुंबई के गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया और 18.2 ओवर में 196 रन आसानी से बना लिए। बेन स्टोक्स के ताबड़तोड़ शतक की बदौलत राजस्थान जीती।