आईपीएल के 51वे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हराया। इस मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया था। दिल्ली की शुरुआत बेहद ख़राब रही। ओपनिंग करने उतरे दिल्ली के दोनों ओपनर शिखर धवन और पृथ्वी शॉ 15 रन के स्कोर पर पवैलियन लौट गए।
इनके आउट होने पर बल्लेबाज़ी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने थोड़ा रन बनाने की कोशिश की लेकिन 25 रन बनाकर अय्यर भी चलते बने। इसके बाद टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए और दिल्ली ने मुंबई के सामने एक आसान सा 111 रनों का लक्ष्य रखा।
मुंबई की तरफ से ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाज़ी का प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाज़ों ने 3-3 विकेट अपने नाम किये। ३ विकेट के साथ बुमराह ने अपने नाम पर्पल कैप कर ली है।
111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर क्विंटन डि कॉक और ईशान किशन ने मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। इसके बाद सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर ईशान किशन ने मुंबई को आसानी से जीत दिला दी।

ईशान किशन ने 43 गेंदों में नाबाद 72 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने आठ चौके और तीन छक्के लगाए। इस पारी के लिए किशन को ” मैन ऑफ़ द मैच ” चुना गया।