1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सिवनी मालवा के शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

सिवनी मालवा के शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा निवासी शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में ड्यूटी के दौरान घायल होने के बाद उन्होंने उपचार के दौरान वीरगति प्राप्त की। अंतिम यात्रा में हजारों लोगों ने शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

By: Nivedita 
Updated:
सिवनी मालवा के शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

नर्मदापुरम। जिले के सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम जाट गुराड़ियाँ के वीर सपूत एवं भारतीय सेना के शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और “शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों के बीच क्षेत्रवासियों ने अपने वीर जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ड्यूटी के दौरान हादसे में हुए थे घायल

जानकारी के अनुसार, हवलदार संतोष कुमार जाट पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में ड्यूटी के दौरान तकनीकी खराबी को ठीक करते समय हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान तीन दिन बाद उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर लोगों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए। जाट गुराड़ियाँ से भिलाड़िया नर्मदा तट तक निकली अंतिम यात्रा में करीब दो हजार से अधिक लोग शामिल हुए। रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

भिलाड़िया नर्मदा तट पर भारतीय सेना की ओर से पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी और पूरे सम्मान के साथ विदाई दी।

 

परिवार में कायम है देश सेवा की परंपरा

शहीद हवलदार संतोष कुमार जाट अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके परिवार में देश सेवा की परंपरा भी जारी है। उनके भाई सत्यनारायण जाट भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार के दौरान राज्यसभा सांसद माया नरौलिया, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, सिवनी मालवा एसडीएम, तहसीलदार, शिवपुर थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...