बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई। एक युवक, जिसे पुलिस के अनुसार मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, बाइक सहित न्यायालय परिसर में प्रवेश कर गया और जमकर हंगामा किया। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक लेकर सीधे प्रधान न्यायाधीश के वाहन पोर्च तक पहुंच गया। इस दौरान उसने वहां खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया और कथित रूप से न्यायालय कर्मचारियों की ओर बाइक बढ़ाई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे न्यायालय के कर्मचारी, मुंशी और सुरक्षा कर्मियों ने युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद वह कोर्ट रूम के भीतर पहुंच गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
जब सुरक्षा कर्मियों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, तो उसने परिसर का कांच का दरवाजा तोड़ दिया। बीच-बचाव कर रहे एक प्रधान आरक्षक की वर्दी भी फट गई। घटना के दौरान कुछ देर के लिए न्यायालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा युवक की मानसिक स्थिति सहित घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद जिला न्यायालय जैसी संवेदनशील जगह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
रिपोर्ट :-कमलाकर तायवाड़े