बुरहानपुर जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट दक्षिण बलड़ी में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वनसंरक्षक खंडवा श्रीमती वासु कनोज़िया के निर्देशन में करीब 55 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए खुदाई कर अतिक्रमण साफ किया गया। मौके पर बने लगभग 10 अधूरे टप्परों को भी तोड़कर हटाया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
इस कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी बुरहानपुर श्री लवसा सोलंकी, वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर सुश्री श्यामलता मेरावी सहित लगभग 75 वन अधिकारी-कर्मचारी और 25 सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे। पूरी टीम की निगरानी में अतिक्रमण हटाने का कार्य संपन्न हुआ।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई की जाती रहेगी।