लगातार अच्छी बल्लेबाज़ी से अपना लोहा मनवा रहे किंग्स इलेवन पंजाब के ओपनर बल्लेबाज़ केएल राहुल ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। अबु धाबी में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए अहम मुकाबले में राहुल ने 41 गेंदों पर 46 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े और क्रिस गेल के साथ 120 रन की साझेदारी भी की।
इसी के साथ राहुल ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में 600 रन भी पूरे कर लिए और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। राहुल आईपीएल के सीजन में 600 रन दो बार पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। जैसे ही उन्होंने मैच में 6 रन पूरे किए उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
राहुल ने इससे पहले 600 से ज्यादा रन बनाने का कमाल 2018 में किया था, जब उन्होंने पंजाब के लिए अपने डेब्यू सीजन में 659 रन बनाए थे। मौजूदा सीजन में राहुल के नाम अभी तक 13 मुकाबलों में 641 रन हैं। इसी दौरान बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज़ राहुल ने आईपीएल में 2000 रन भी पूरे किए।
आपको बता दें कि इससे पहले विराट कोहली ने 2013 और 2016 में आईपीएल में 600+ रन बनाए थे। कोहली ने 2016 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 973 रन बनाए थे जबकि 2013 में 634 रन बनाए थे।