1. हिन्दी समाचार
  2. टैकनोलजी
  3. सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में AI का सहारा, गूगल क्लाउड के साथ एमपी सरकार की बड़ी साझेदारी

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में AI का सहारा, गूगल क्लाउड के साथ एमपी सरकार की बड़ी साझेदारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गूगल क्लाउड इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक कर मध्यप्रदेश में एआई और क्लाउड तकनीक आधारित स्मार्ट गवर्नेंस पर चर्चा की। सिंहस्थ-2028 में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए AI तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

By: BS Yadav 
Updated:
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में AI का सहारा, गूगल क्लाउड के साथ एमपी सरकार की बड़ी साझेदारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में Google Cloud इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मध्यप्रदेश में तकनीकी विकास और स्मार्ट गवर्नेंस को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में राज्य सरकार और गूगल क्लाउड के बीच दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी, उन्नत क्लाउड तकनीकों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित समाधानों के उपयोग पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि एआई समिट के दौरान मध्यप्रदेश सरकार से मिले सहयोग के आधार पर गूगल क्लाउड प्रदेश के कई प्रमुख विभागों में AI आधारित सशक्तिकरण पर काम कर रहा है। इनमें कृषि, शिक्षा, वन और महिला एवं बाल विकास विभाग शामिल हैं। इन विभागों में आधुनिक तकनीक के जरिए कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में आगामी Simhastha 2028 की तैयारियों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ-2028 में AI तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके तहत भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक संचालन, नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों से मजबूत बनाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि AI और क्लाउड तकनीक का उपयोग सिर्फ प्रशासनिक कार्यों को आसान बनाने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता को बेहतर सेवाएं देने के उद्देश्य से भी किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि तकनीक का लाभ गांव से लेकर शहर तक हर नागरिक तक पहुंचे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...