1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 200 नई ईवी बसों की शुरुआत, इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा 5 हजार के पार

दिल्ली में 200 नई ईवी बसों की शुरुआत, इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा 5 हजार के पार

दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके बाद डीटीसी का ईवी बस बेड़ा 5 हजार के पार पहुंच गया। कार्यक्रम में दिल्ली-करनाल ई-बस सेवा, 56 लेडीज स्पेशल बस सेवाएं और राजघाट में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किया गया। सरकार ने 2028-29 तक करीब 14 हजार बसों का लक्ष्य रखा है।

By: Nivedita 
Updated:
दिल्ली में 200 नई ईवी बसों की शुरुआत, इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा 5 हजार के पार

नई दिल्ली। राजधानी में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारा गया। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के शामिल होने के साथ दिल्ली परिवहन निगम का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 5 हजार के आंकड़े को पार कर गया है।

दिल्ली-करनाल ई-बस सेवा भी शुरू

कार्यक्रम में दिल्ली से करनाल के बीच अंतरराज्यीय ई-बस सेवा का शुभारंभ भी किया गया। इस रूट पर पांच इलेक्ट्रिक एसी बसें चलेंगी और दोनों दिशाओं में प्रतिदिन निर्धारित फेरे लगाए जाएंगे। इससे दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख शहरों के बीच पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा मजबूत होगी।

महिलाओं के लिए 56 लेडीज स्पेशल सेवाएं

महिला यात्रियों और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 56 लेडीज स्पेशल ई-बस सेवाओं की शुरुआत की गई है। इनमें अधिक मांग वाले मार्गों के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े प्रमुख रूट भी शामिल हैं। इन बस सेवाओं से कनॉट प्लेस, आईटीओ, एम्स, नेहरू प्लेस, करोल बाग और अन्य प्रमुख रोजगार एवं संस्थागत केंद्रों तक महिलाओं की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

 

दिल्ली में 200 नई ईवी बसों की शुरुआत, इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा 5 हजार के पार

महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

लेडीज स्पेशल बसों में सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। महिला पुलिसकर्मियों और होमगार्ड कर्मियों की तैनाती के साथ बस संचालन में महिला स्टाफ की भूमिका सुनिश्चित की गई है। बसों में लगे पैनिक बटन को दिल्ली पुलिस के 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से जोड़ने की व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

राजघाट डिपो में शुरू हुआ ईवी चार्जिंग स्टेशन

डीटीसी के राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन की भी शुरुआत की गई। यहां 240 किलोवाट क्षमता के चार चार्जर लगाए गए हैं। ये इलेक्ट्रिक बसों के अलावा अन्य भारी वाणिज्यिक वाहनों और इलेक्ट्रिक कारों को भी चार्ज करने में सक्षम होंगे।

2028-29 तक 14 हजार बसों का लक्ष्य

सरकार की योजना दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को आने वाले वर्षों में और बड़ा करने की है। लक्ष्य है कि वित्त वर्ष 2028-29 तक बसों की संख्या करीब 14 हजार तक पहुंचाई जाए और डीटीसी के मौजूदा बेड़े को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों में बदला जाए।

ग्रीन मोबिलिटी को मिलेगा बढ़ावा

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास दिल्ली में स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा सार्वजनिक परिवहन तंत्र तैयार करना है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को भी प्राथमिकता मिले।

डीटीसी को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने डीटीसी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया और भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने की बात कही।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...