चेन्नई ने पंजाब को 9 विकेट से हराकर पंजाब को आईपीएल से बाहर का रास्ता दिखाया। चेन्नई तो पहले ही आईपीएल से बाहर थी लेकिन पंजाब आज का मुकाबला जीतती तो उसकी प्लेऑफ में जाने की उम्मीदें कायम रहती।
पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दीपक हुड्डा की नाबाद 62 रन की आक्रामक पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 153 रन बनाए। चेन्नई ने 18.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
चेन्नई के खिलाफ मैच के बाद पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने कहा, “यह (टूर्नामेंट अभियान) निराशाजनक रहा। यह निराशाजनक है कि कई मैचों में अच्छी स्थिति में होने के बाद भी हम नतीजों को अपने पक्ष में नहीं कर पाये। इसके जिम्मेदार हम खुद हैं। वह शॉर्ट रन (20 सितंबर को दिल्ली के खिलाफ) हमें महंगा पड़ा।”
टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला लेकिन हमारे प्रदर्शन में निरंतरता नहीं थी। शुरूआती मैचों में टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी एक साथ नहीं चली, लेकिन बाद के मैचों में हमने जैसी वापसी की उस पर हमे गर्व है।
राहुल ने टूर्नामेंट के 14 मैचों में 670 रन बनाये हैं और अभी भी ऑरेंज कैप उन्ही के नाम है।