कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हरा दिया। इस सीज़न में केकेआर की यब छठी जीत है। हालांकि इसके बावजूद वो प्वाइंट टेबल में चौथे नंबर पर ही रहेगी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में 11 रनों के स्कोर पर शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल 09 रन बनाकर आउट हो गए।
जल्दी ही दो विकेट गिर जाने के बाद कप्तान इयोन मोर्गेन ने दिनेश कार्तिक को चार नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए भेजा, लेकिन कार्तिक का बल्ला आज भी खामोश रहा और वह सिर्फ 03 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद सुनील नारायण और नितीश राणा ने मिलकर 115 रनों की साझेदारी की। नारायण ने 32 गेंदो में ताबड़तोड़ 64 रन बनाए, वहीं राणा ने 53 गेंदो में 81 रनों की पारी खेली। जिसकी बदौलत केकेआर ने दिल्ली के सामने 195 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। कप्तान मोर्गेन ने 9 गेंदो में 17 रन बनाकर टीम को अंत में 190 के पार पहुंचाया।
दिल्ली की गेंदबाज़ एनरिक नॉर्टजे ने शानदार गेंदबाज़ी की। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 27 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस कगीसो रबाडा ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर अजिंक्य रहाणे खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरे ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे शिखर धवन सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने अकेले पूरी दिल्ली टीम को अपने कब्ज़े में ले लिया। वरुण ने पहले दो गेंदो में हेटमायर और अय्यर को पवेलियन भेजा। इसके बाद स्टोइनिस और अक्षर पटेल भी वरुण का शिकार बने। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 135 रन ही बना सकी और मुकाबला 59 रनों से हार गई।
कोलकाता के लिए गेंदबाज़ी में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर पांच विकेट झटके।