कटनी। कटनी जिले की रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरा कला में विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार से पांच वर्ष पहले बनी सीसी सड़क पूरी तरह उपयोग योग्य होने के बावजूद उसी के ऊपर दो इंच मोटी नई परत बिछाकर सरकारी राशि का उपयोग किया गया। इस मामले में ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-1 स्थित आदिवासी मोहल्ले में पहले से बनी सीसी सड़क को हटाने की आवश्यकता नहीं थी। इसके बावजूद हाल ही में उसी सड़क के ऊपर नई परत डालकर निर्माण कार्य कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य केवल सरकारी राशि खर्च करने के उद्देश्य से किया गया और इसमें संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से भुगतान भी कर दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के कई वार्ड ऐसे हैं जहां आज तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश और अन्य मौसम में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद नई सड़क बनाने के बजाय पहले से बनी सड़क पर दोबारा निर्माण कराना सवालों के घेरे में है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित सरपंच, सचिव और निर्माण कार्य का मूल्यांकन करने वाले उपयंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।